उत्तराखंड: श्रावण संक्रांति पर फ्यूंलानारायण मंदिर के खुले कपाट, यहां महिला पुजारी करती है पुष्प श्रृंगार
चमोली की उर्गम घाटी स्थित प्राचीन फ्यूंलानारायण मंदिर के कपाट श्रावण संक्रांति पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। मंदिर की अनूठी परंपरा के तहत महिला पुजारी ने भगवान का पुष्प श्रृंगार किया।
उत्तराखंड के चमोली जिले की उर्गम घाटी में समुद्र तल से लगभग 10 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित प्राचीन फ्यूंलानारायण मंदिर के कपाट गुरुवार को श्रावण संक्रांति के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और पारंपरिक विधि-विधान के बीच जैसे ही कपाट खुले, पूरा मंदिर परिसर 'जय नारायण' के जयघोष से गूंज उठा। कपाटोद्घाटन के बाद भगवान फ्यूंलानारायण की विशेष पूजा-अर्चना की गई और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।